नयी दिल्ली । आज स्वतंत्रता दिवस की 73 वीं वर्षगांठ पर देश और विदेश में आन, बान और शान से लहराया गया आजादी का प्रतीक तिरंगा। पूरे देश में राष्ट्रीय पर्व को लोगों ने हर्षोल्लास से मनाया।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने यहां इंडिया गेट स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जाकर शहीदों को नमन किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया और तिरंगा फहराया। उन्होंने इस अवसर पर देशवासियों को 73 वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें दी।
इस मौके पर देश-विदेश के कई प्रमुख नेताओं ने जनता को जश्न-ए-आजादी की बधाई और शुभकामनाएं दी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह श्री कोविंद के साथ स्मारक गये और दोनों ने पारम्परिक धुन के साथ सलामी ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर पर तिरंगा फहराया और राष्ट्र को संबोधित किया।
श्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि अनुच्छेद 370 और 35ए हटाये जाने से सरदार वल्लभ भाई पटेल का सपना पूरा हुआ और इसके साथ ही पूरे राष्ट्र में ‘एक देश, एक संविधान’ लागू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि देश की 130 करोड़ जनता की यह जिम्मेदारी थी कि वह जम्मू-कश्मीर के लोगों के सपनों को पूरा करे और हमने वहां की जनता की आकांक्षाएं पूरी करने के रास्ते में आ रही बाधाओं को दूर कर दिया है तथा सरदार पटेल के सपनों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
प्रधानमंत्री ने राजनीति से ऊपर उठकर देशहित में काम करने, आतंकवाद से लड़ने और जनसंख्या विस्फोट को रोकने के लिए ‘छोटा परिवार’ के जरिये देश सेवा करने का लोगों से आह्वान करते हुए गुरुवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर से संबंधित अनुच्छेद 370 को हटाकर ‘एक देश एक संविधान’ का सिद्धांत लागू हो गया है और अब अगला लक्ष्य ‘एक देश एक चुनाव’ है।
गृह मंत्री अमित शाह ने अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया और सलामी ली। उन्होंने अपने आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के बीच मिठाइयां बांटी तथा उन्हें शुभकामनायें दी।
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने राजनिवास पर राष्ट्रीय तिरंगा फहराया और सलामी ली। उन्होंने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता की सेवा करने और राष्ट्रनिर्माण में सहयोग करने की अपील की।
इसके अलावा कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने तिरंगा फहराया और स्वाधीनता दिवस मनाया। इस अवसर पर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद और कपिल सिब्बल समेत कई नेता उपस्थित थे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी स्वतंत्रता दिवस पर राजधानीवासियों को बधाई दी है।
अमेरिका ने भारत की जनता को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं और कहा कि प्रजातांत्रिक मूल्यों की साझेदारी, परस्पर जनसंबंध तथा आर्थिक विकास की प्रतिबद्धता ने दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत किया है।
अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने एक बयान में कहा,“ प्रजातांत्रिक मूल्यों की साझेदारी, परस्पर जनसंबंध तथा आर्थिक विकास की प्रतिबद्धता ने दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत किया है। पिछले दो दशकों में हमारी दोस्ती एक रणनीतिक साझेदारी में विकसित हुई है और अब हम अंतरिक्ष समेत रक्षा और आतंकवाद तथा आधुनिक विज्ञान में खोज की स्वतंत्रता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहयोग कर रहे हैं।”
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। श्री पुतिन ने अर्थव्यवस्था और विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट सफलता,समृद्ध संस्कृति और विश्व में प्राप्त सम्मान के लिए भारत की सराहा।
जम्मू-कश्मीर में संविधान के अनुच्छेद 370 हटाये जाने तथा राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद श्रीनगर के शेरे-कश्मीर स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के पहले समारोह में राज्यपाल सत्य पाल मलिक ने तिरंगा फहराया। राज्यपाल ने अपने संबोधन में प्रदेश की जनता को आश्वस्त किया कि उनकी पहचान दांव पर नहीं है और न ही इससे किसी प्रकार की छेड़छाड़ की गई है, क्योंकि देश का संविधान कई क्षेत्रीय पहचान को पनपने और समृद्ध करने की अनुमति देता है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा, “ यह केवल हमारे सुरक्षा बलों की वीरता और साहस है , जिसके कारण आतंकवाद की कमर टूटी है। हाल के दिनों में आतंकवाद और पथराव की घटनाओं में कमी आई है। समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। शांतिपूर्ण आयोजन के लिए स्टेडियम तथा आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे।
जम्मू में मिनी स्टेडियम परेड मैदान पर आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल के सलाहकार फारुक खान ने तिरंगा फहराया। इस मौके पर जम्मू-कश्मीर पुलिस, सशस्त्र और अर्द्धसैनिक बल के जवानों तथा एनसीसी कैडेटों ने परेड में हिस्सा लिया। समारोह में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किये। समारोह स्थल और इसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे।





0 comments:
Post a Comment