हम कलाकार देश के सामने खटमल की तरह बहुत छोटे हैं : नाना पाटेकर - Country comes first and artists are nothing : Nana patekal

उरी हमले के बाद बॉलीवुड में पाकिस्तानी कलाकारों को बैन करने को लेकर बहस जारी है. कई कलाकारों का कहना है कि पाकिस्तानी कलाकारों को बैन नहीं करना चाहिए, वहीं कुछ बैन के समर्थन में खड़े नज़र आ रहे हैं. दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का कहना है कि उनके लिए देश सबसे पहले है.

इस संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में नाना पाटेकर ने कहा, 'पाकिस्तान, कलाकार मेरे लिए बाद की बातें हैं, मेरे लिए सबसे पहले मेरा देश. देश के अलावा किसी को मैं जानता नहीं और न तो मैं जानना चाहूंगा.' उन्होंने कहा, 'हम कलाकार देश के सामने खटमल की तरह बहुत छोटे हैं. हमारी कोई कीमत नहीं है. पहले देश है, देश के बाद ही कुछ और है.'

इस मामले में बॉलीवुड के बंटे होने की बात पर नाना पाटेकर ने कहा, 'मुझे उससे क्या? मैं सेना में था, मैंने ढाई साल वहां गुज़ारे, मुझे मालूम है हमारे सबसे हीरो कौन हैं. जवानों से बड़े हीरो कोई हो नहीं सकते दुनिया में.'

नाना पाटेकर ने पाक कलाकारों का समर्थन कर रहे सलमान खान, करण जौहर जैसे सितारों का नाम लिए बिना उनपर निशाना साधते हुए कहा, 'हम तो बहुत मामूली और नकली लोग हैं, इसलिए हम जो बोलते हैं उस पर ध्यान मत दो. तुम्हें समझ में आ रहा है मैं किनके बारे में बोल रहा हूं, मैं उन्हीं के बारे में बोल रहा हूं. इतनी अहमियत मत देना किसी को उनकी औकात नहीं होती अहमियत की.'

नाना पाटेकर के बयान का यह बयान ट्विटर पर खूब शेयर किया जा रहा है, कई लोग नाना पाटेकर की तारीफ कर रहे हैं.
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment