गाजियाबाद, ( संवाददाता ) थाना इंदिरापुरम के दो सिपाहियों पर साप्ताहिक उगाही न देने पर एक कबाड़ी का हाथ तोड़ने का मामला सामने आया है । इंदिरापुरम के न्यायखंड-1 में आज सुबह उगाही न देने पर पुलिसकर्मियों ने एक कबाड़ कारोबारी की पिटाई कर उसका हाथ तोड़ दिया। उसे एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। इंदिरापुरम थाना प्रभारी ने मामले की जांच कर रिपोर्ट एसएसपी को भेजी है।
जानकारी के अनुसार आदर्श नगर खोड़ा निवासी युनूस न्यायखंड-1 में कबाड़ का कारोबार करते हैं। उनके बड़े भाई नवाब खां ने बताया कि आज सुबह 11 बजे युनूस अपनी दुकान पर था। आरोप है कि इसी दौरान पीसीआर सवार दो पुलिसकर्मी सप्ताहिक उगाही करने पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने युनूस से पांच हजार रुपये मांगे। रुपये न होने पर उसने बाद में देने को कहा। इस पर पुलिसकर्मी नाराज हो गए और युनूस के साथ गाली-गलौज कर गंभीर धारा में मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी। इसका विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने युनूस की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। युनूस का दाहिना हाथ भी तोड़ दिया।
शोर सुनकर आसपास के दुकानदारों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर अभयखंड चैकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। युनूस की हालत गंभीर देखते हुए उसे गाजियाबाद के एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। नवाब ने बताया कि युनूस के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। कंधे और कूल्हे में गंभीर चोट आई है। मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की गई है। इंदिरापुरम थाना प्रभारी सुशील कुमार दुबे ने बताया कि मामले की रिपोर्ट एसएसपी को भेजी गई है।


0 comments:
Post a Comment