गोपालगंज, ( संवाददाता ) सासमूसा चीनी मिल को चालू कराने को लेकर बुधवार की देर रात डीएम के आश्वासन देने के बाद अनशन समाप्त हो गया। अनशन समाप्त होने के साथ ही किसानों ने एनएच-28 पर से जाम को हटाया। गुरुवार को डीएम राहुल कुमार से मिलकर गन्ना किसानों व मजदूरों का एक प्रतिनिधिमंडल ने एक मांग पत्र सौंपा। उनकी मांगों में सासामूसा मिल को अविलंब चालू कराने, किसानों के गन्ने के बकाए राशि का भुगतान करने, मजदूरों के बकाये मजदूरी का भुगतान करने व मिल हादसे में मरे मिल कर्मियों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग शामिल हैं।
डीएम से मिलने के बाद प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि डीएम से साकारात्मक बात हुई है। अगर मिल मालिक मिल चलाने के लिए तैयार नहीं होते हैं तो किसान व मजदूर एक बड़ा आंदोलन करेंगे। इस दौरान मिल को किसान व मजदूरों के हवाले करने की मांग रखेंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले पांच दिनों से सासामूसा मिल को चालू कराने के लिए किसान, मजदूर व अन्य संगठन के लोग आमरण अनशन पर थे। आमरण अनशन के समर्थन में सैकड़ों किसान व मजदूर संगठन के लोगों ने बुधवार को सासामूसा के समीप एनएच-28 को जाम कर दिए थे। डीएम राहुल कुमार की पहल पर बुधवार की देर रात अनशनकारियों का अनशन जूस पिलाकर तोड़वाया गया। अनशन टूटने के बाद एनएच से जाम को मुक्त किया गया।
अनशन पर बैठे दियारा गंडक संघर्ष समिति के संयोजक अनिल कुमार मांझी को एसडीपीओ मनोज कुमार, अहिंसा सेना के राष्ट्रीय संयोजक राम कुमार मांझी को सदर एसडीओ शैलेश कुमार दास व रौशन साह को बीडीओ दीपचन्द जोशी ने जूस पिलायी। डीएम से मिलने वाले लोगों में किसान सभा के प्रदेश महासचिव विनोद कुमार, संयुक्त सचिव अरुण कुमार, दियारा संघर्ष समिति के अनिल मांझी, अरुण सिंह, राजेश देहाती, मो. इद्रीश, पदमाकर दुबे, शिवनारायण मांझी आदि शामिल थे।


0 comments:
Post a Comment