कारोबारी को अगवा कर लूटने के मामले में व्यापारियों का प्रदर्शन Traders protest in kidnapping and abducting businessman



इंदिरापुरम, ( सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो )  कारोबारी को उन्हीं की कार में हथियारबंद बदमाशों द्वारा अगवा कर लूटने के मामले में मंगलवार को व्यापारियों ने थाना इंदिरापुरम पर प्रदर्शन किया। सोमवार की रात में अभयखंड स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी गोल चक्कर से व्यापारी को  अगवा किया गया था। बदमाश व्यापारी से साढ़े चार लाख रुपये, अंगूठी और चेन लूट कर ले गये थे तथा व्यापारी के विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल की बट से कारोबारी का दांत तोड़ दिया था। बाद में बदमाश व्यापारी को उसी की कार में लाॅक कर चले गये।
            
जानकारी के अनुसार दिल्ली विनोद नगर निवासी सुनील कुमार इंदिरापुरम के शक्तिखंड में बिल्डिंग मैटीरियल का कारोबार करते हैं तथा शक्तिखंड इंदिरापुरम अपना रेस्टोरेंट चलाते हैं। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह ऑफिस में आई पेमेंट के साढ़े चार लाख रुपये लेकर आई-10 कार से घर जा रहे थे। बदमाशों ने नहर रोड से ही उनका अपनी स्विफ्ट कार का पीछा करना शुरू कर दिया। गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी गोल चक्कर पर कार से उन्हें ओवरटेक कर कार को रोक लिया। कार से तीन युवक बाहर निकले और उतरते ही व्यापारी की कनपटी पर पिस्टल तान दी और गोली मारने की धमकी देकर उसे कार से बाहर निकाला और उसे कार की पीछे की सीट पर डाल दिया। एक बदमाश कार चलाने लगा और एक उसके साथ बैठ गया।  कारोबारी के शोर मचाने पर उसे गोली मारने की धमकी दी और पिस्टल की बट मार कर उसका दांत तोड़ दिया तथा उसके बैग में रखे साढ़े चार लाख रुपये अपने कब्जे में ले लिए। बदमाश कारोबारी को आधे घंटे तक सड़कों पर घुमाते रहे लेकिन बदमाशों को कहीं भी पुलिस चैक करती नहीं मिली। बदमाशों ने कार एनएच-नौ पर दिल्ली की ओर दौड़ा दी। बाद में बदमाशों ने उससे एटीएम का पिन नंबर पूछा। बदमाश उन्हें लेकर दिल्ली के खिचड़ीपुर गुरूद्वारा के पास पीएनबी के एटीएम पर पहुंचे। एटीएम खराब होने के चलते रुपये नहीं निकले। बदमाशों ने इसके बाद उनकी सोने की तीन अंगूठी और चेन उतरवा ली। इसके बाद कार को गौड़ ग्रीन गोल चक्कर पर ही ले आए। यहां बदमाश कारोबारी को उसी की कार में डाल कर कार को बाहर से लाॅक कर चाबी अपने साथ ले गये। सुनील कार खोलकर  किसी तरह बाहर निकले और राहगीरों की मदद से परिजन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन ने पुलिस को सूचना दी और थाना इंदिरापुरम में मामले की तहरीर दी है।
         
इस घटना के बिरोध में व्यापारियों ने आज थाना इंदिरापुरम पर प्रदर्शन  किया। इस मामले में थानाध्यक्ष इंदिरापरुम नजीर अली खान ने बताया कि  मामले में शिकायत लेकर जांच की जा रही है। एटीएम और अन्य स्थानों की सीसीटीवी फुटेज ले ली गई है। अंधेरे के चलते बदमाशों की सही तस्वीर नहीं मिली है। घटना से लगता है कारोबारी को बदमाश अच्छी तरह से जानते हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment