नयी दिल्ली । सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने पड़ोसी देश (पाकिस्तान) को कड़ी चेतावनी देते हुए आज कहा कि सेना आतंकवाद की किसी भी हरकत के जवाब में कड़ी कार्रवाई करने से नहीं हिचकिचायेगी।
सेना प्रमुख ने 71 वें सेना दिवस पर आज यहां करियप्पा परेड ग्राउंड में भव्य परेड की सलामी लेने के बाद कहा कि जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर सीमा पार से संघर्ष विराम उल्लंघन और आतंकवादी गतिविधियां हो रही हैं लेकिन सेना इसका करारा जवाब दे रही है और नियंत्रण रेखा पर भारतीय सेना का दबदबा है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं कि पश्चिम में हमारा पडोसी आतंकवाद को बढावा दे रहा है और आतंकवादियों को हथियार भी दे रहा है। उन्होंने कहा कि सेना आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और इस तरह की गतिविधियों के जवाब में कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में भी सेना देश और लोगों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करेगी और उसने हर नापाक हरकत पर आतंकवादियों को भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि घाटी में मासूम और नाबालिग युवाओं को भड़काकर उन्हें आतंकवाद के कुचक्र में धकेला जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों का ही नुकसान हो रहा है और आतंकवादी उन्हें भ्रमित कर एक अंधे कुंए में धकेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने राज्य में पंचायत चुनाव और अमरनाथ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित कराकर लोगों की सुरक्षा के प्रति अपनी वचनबद्धता प्रकट की है।



0 comments:
Post a Comment