मैनपुरी । उत्तर प्रदेश से एक बेहद ही शर्मनाक घटना सामने आई है। घटना मैनपुरी की जहां एलाऊ थाना क्षेत्र में स्कूल से लौट रही 11वीं की छात्रा की हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटका दिया गया। क्योंकि छात्रा ने खुद के साथ हो रही छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश का विरोध किया। हत्या के बाद इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए दुपट्टे का फंदा बनाकर उसका शव पेड़ से लटका दिया। हालांकि स्थानीय लोगों ने इस घटना को देख लिया और हत्या में शामिल तीनों युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि लड़के छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। छात्रा ने विरोध किया तो उन्होंने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस फिलहाल पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने छात्रा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि छात्रा स्कूल में गांधी जयंती के कार्यक्रम के बाद घर लौट रही थी। इस दौरान यह घटना हुई।
कुछ लोगों ने बताया कि राहगीरों व ग्रामीणों ने तीन युवकों को लड़की के साथ हाथापाई और छेड़छाड़ करते देखा था। बावजूद इसके पुलिस अभी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। सूचना पाकर पुलिस के आला अफसर भी गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना की खबर क्षेत्र में फैलते ही सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।



0 comments:
Post a Comment