दिल्ली में भी होगा फिल्म उद्योग, डियोरामा अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह आरंभ Film Industry, Diorama International Film Festival will be inaugurated in Delhi



नयी दिल्ली । दिल्ली में भी फिल्म उद्योग स्थापित करने के मकसद से पहले डियोरामा अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह एवं विपणन 2019 की कल रात यहां देश-विदेश के फिल्मी जगत के लोगों की मौजूदगी में शुरूआत हुयी।

अभिनेता एवं निर्देशक रणधीर कपूर ने सिरी फोर्ट सभागार में एक हफ्ते तक चलने वाले इस समारोह का उद्घाटन किया। समारोह की शुरूआत ब्लैक कामेडी बोम्बरिया के प्रीमियर शो से हुई।

इस मौके पर अभिनेता राजीव कपूर ,अभिनेत्री नीतू चंद्रा ,फिल्म निर्देशक राहुल रावेल मनु रेवाल भारतीय मोशन पिक्चर के निर्माताओं के संगठन आईएमएमपीए के अध्यक्ष टी पी अग्रवाल ,दिल्ली की अरुणा वासुदेव, मीरा दीवान ,ईरान की अभिनेत्री मोझगन तारानेह ,सिंगापुर अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह के निदेशक फिलिप शियाह तथा अन्य लोग मौजूद थे।

समारोह में 50 से ज्यादा देशों की 130 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इसमें हाॅलीवुड और बाॅलीवुड की जानी मानी हस्तियों का जमावडा होगा। इस दौरान कार्पेट शो ,फैशन शो ,अवार्ड समारोह ,अभिनय,निर्देशन ,फिल्म संपादन आदि पर कार्यशालाएं, फिल्म बाजार तथा फिल्म स्टारों के साथ काॅफी टेबल चर्चा जैसे कार्यक्रम होंगे।

गोवा अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह केेेे पूर्व मुख्य कार्यकारी एवं केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में अधिकारी रहे मनोज श्रीवास्तव की पहल पर यह समारोह आयोजित किया जा रहा है। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि इसका मुख्य मकसद राष्ट्रीय राजधानी में भी फिल्म उद्योग स्थापित करना है। समारोह को भारतीय फिल्म निर्माताओं की सर्वोच्च संस्था फिल्म फेडरेशन आॅफ इंडिया और गैर सरकारी संगठन इंडियन फिल्म इंस्टिच्यूट का सहयोग प्राप्त है।

समारोह का मुख्य प्रतीक चिह्न लुप्तप्राय पक्षी गौरैया है और इसके नाम पर ही 25 श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ फिल्मों को पुस्कृत किया जाएगा जिनका चयन अंतरराष्ट्रीय निर्णायक मंडल करेगा।



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment