वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में गुरुवार को महान स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यापर्ण एवं नमन के साथ-साथ यहां मौजूद जन सैलाब की ओर चारों दिशाओं में बारी-बारी से सिर झुका-झुककर नमन करने के बाद अभूतपूर्व सुरक्षा के बीच ‘भव्य रोड शो’ के साथ अपने चुनावी प्रचार की शुरुआत की।
वाराणसी के सांसद श्री मोदी शाम करीब सात बजे मां गंगा की पूजा-अर्चना और अगले दिन शुक्रवार को शहर के कोतवाल माने जाने वाले बाबा काल भैरव के दर्शन-पूजन के बाद इसी संसदीय क्षेत्र से दूसरी बार चुनावी मुकाबले के लिए नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। यहां सातवें एवं अंतिम चरण में उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल की 13 लोक सभा क्षेत्रों समेत आठ राज्यों के 59 संसदीय क्षेत्रों के साथ 19 मई को मतदान है।
श्री मोदी ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) मुख्य द्वार पर स्थित इस विश्वविद्यालय के संस्थापक भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं नमन के साथ अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे की शुरुआत की।
फूलों से सजी गाड़ी में सवार प्रधानमंत्री का काफिला ‘मोदी-मोदी, जय-जय श्रीराम और हर-हर महादेव’ के गगन चुंबी नारों के बीच लंका चौराहे से दशाश्वमेध घाट की ओर रवाना हुआ। आगे बढ़ने पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने फूलों की बारिश कर जगह-जगह उनका स्वागत कर रहे हैं। शहर के प्रमुख क्षेत्रों से होते हुए श्री मोदी का रोड शो शाम करीब सात बजे ऐतिहासक दशाश्वमेध घाट पहुंचेगा, जहां वह विश्वप्रसिद्ध शाम की गंगा आरती में शामिल होंगे तथा विधिविधान के साथ मां गांग की पूजा-अर्चना करेंगे।



0 comments:
Post a Comment